बंगाल में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत, सुवेंदु अधिकारी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक दिन दर्ज होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। यह पहली बार होगा जब बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता संभालेगी।

भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर. एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
मंत्री पद की दौड़ में कौन-कौन?
सूत्रों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। अभी आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई है, लेकिन जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है उनमें सबसे आगे अग्निमित्रा पॉल का नाम है, जो आसनसोल दक्षिण सीट से विधायक चुनी गई हैं।
इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, जिन्होंने खड़गपुर सदर से जीत दर्ज की है, मंत्री पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
इन नामों पर भी नजर
मंत्री पद की संभावित सूची में शंकर घोष का नाम भी शामिल है, जो सिलीगुड़ी सीट से विधायक बने हैं। वहीं निसिथ प्रमाणिक, जिन्होंने माथाभांगा सीट से जीत हासिल की, उनके भी शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि एक और विधायक का नाम अंतिम समय में जुड़ सकता है, जिससे शुरुआती कैबिनेट को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य आयोजन
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कई अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
राजनीतिक रूप से यह समारोह इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसे बंगाल में भाजपा के नए युग की औपचारिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
207 सीटों की ऐतिहासिक जीत
हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई।
इस जीत ने बंगाल की राजनीति की दिशा बदल दी है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि सुवेंदु अधिकारी अपनी पहली कैबिनेट में किन चेहरों को जगह देते हैं।
टैगोर को श्रद्धांजलि देकर शुरू किया दिन
शपथ ग्रहण से पहले सुवेंदु अधिकारी ने रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि टैगोर की अमर रचनाएं और मानवतावादी दर्शन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।