राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान कई ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
आरोपी की दरिंदगी ने पुलिस को भी किया हैरान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल मीणा को 22 अप्रैल को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से ही अपराधी मानसिकता का था और कम उम्र में ही गलत आदतों का शिकार हो चुका था।
पहले से थी पूरी प्लानिंग
जांच में पता चला कि आरोपी को पीड़िता के घर और उसकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। उसे मालूम था कि सुबह के समय माता-पिता घर से बाहर रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर वह घर में दाखिल हुआ और सीधे स्टडी रूम में पहुंच गया, जहां पीड़िता पढ़ाई कर रही थी।
विरोध करने पर किया हमला
आरोपी ने पहले पीड़िता को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन जब उसने विरोध किया तो उस पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से पीड़िता बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने दरिंदगी को अंजाम दिया।
बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी ने घर में लूटपाट की योजना बनाई। उसने पीड़िता को घसीटकर नीचे लाया और खून से सनी उंगली से बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। बाद में उसने औजार की मदद से लॉकर तोड़कर नकदी और जेवरात लूट लिए।
पहले भी कर चुका था अपराध
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने एक दिन पहले अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह दिल्ली पहुंचा और इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच जारी, सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और समाज में बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।