Moradabadअपना शहरउत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़

मुरादाबाद की स्मार्ट सिटी रोड पर जाम का जंजाल, व्यापारियों के विरोध के बाद पार्किंग ठेका निरस्त!

करोड़ों की स्मार्ट रोड पर बदहाल पार्किंग व्यवस्था

मुरादाबाद। बुध बाजार-स्टेशन रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई स्मार्ट सिटी रोड इन दिनों अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार लगने वाले जाम के कारण सवालों के घेरे में है। सड़क के निर्माण में करीब साढ़े तीन साल का समय लगा था और व्यापारियों ने निर्माण के दौरान तमाम परेशानियां झेलते हुए परियोजना में सहयोग किया था। लेकिन अब पार्किंग व्यवस्था चरमराने से बाजार में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

डिवाइडर के दोनों ओर वाहन, ठेलों से बढ़ी परेशानी

व्यापारियों का कहना है कि स्मार्ट रोड पर डिवाइडर के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने, ठेलों के जमावड़े और पार्किंग शुल्क वसूली के कारण दिनभर अव्यवस्था बनी रहती है। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और जाम की स्थिति पैदा होती है।

व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान (रजि.) ने इस समस्या को लेकर महापौर को ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष विजय मदान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

फोरम ने सुझाए वैकल्पिक पार्किंग स्थल

फोरम की ओर से बताया गया कि संगठन पहले ही चार से पांच वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का सुझाव दे चुका है। व्यापारियों की मांग है कि मुख्य सड़क पर पार्किंग व्यवस्था बनाने के बजाय व्यवस्थित वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं, ताकि बाजार में दोपहिया वाहनों का आवागमन सुचारु रह सके।

व्यापारियों ने बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और स्कूलों की छुट्टी के समय बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि बड़ी बसों को बाजार क्षेत्र में प्रवेश से रोकने की व्यवस्था की जाए, जिससे यातायात दबाव कम हो सके।

अपर नगर आयुक्त ने उठाए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल

अपर नगर आयुक्त अजीत सिंह ने भी यातायात और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से समस्याओं का संज्ञान लिया जाता है, जबकि कुछ ऐसे कार्य भी नगर निगम को करने पड़ रहे हैं जो यातायात पुलिस से संबंधित हैं।

उन्होंने व्यवस्था में सभी संबंधित विभागों के समन्वय की जरूरत पर जोर दिया, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

महापौर के आदेश के बाद पार्किंग ठेका निरस्त

व्यापारियों की नाराजगी के बीच महापौर विनोद अग्रवाल ने जाम और साप्ताहिक बाजारों को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस पर बाजार लगवाने और व्यवस्था को नियंत्रित न करने के आरोप लगाए। हालांकि ये महापौर के आरोप हैं।

इसके बाद महापौर ने अपर नगर आयुक्त और नगर आयुक्त को लिखित आदेश जारी कर पार्किंग ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए। आदेश की जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों ने महापौर और अपर नगर आयुक्त का धन्यवाद किया।

फिलहाल पार्किंग ठेका निरस्त कर दिया गया है। अब देखना होगा कि इसके बाद बुध बाजार-स्टेशन रोड पर व्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related posts

24 घंटे में राहत: मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश, किसानों को तुरंत मुआवजा

News Author

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS-PCS अफसरों के तबादले, प्रकाश बिंदु बने गृह सचिव!

News Author

दीपावली और छठ पर मुरादाबाद से गुजरेंगी 50 स्पेशल ट्रेनें, बिहार-झारखंड जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत!

News Author

Leave a Comment