राष्ट्रीय

देहरादून में निहंगों का बवाल, तलवार-फर्से दिखाकर तोड़ी बैरिकेडिंग, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा!

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद में निहंगों और प्रशासन के बीच तनाव का मामला सामने आया है। विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बैरियर पर बड़ी संख्या में पहुंचे निहंगों ने कथित तौर पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और हथियार लहराते हुए आगे बढ़ गए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कर्णप्रयाग कूच की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इसी प्रकरण के विरोध में निहंगों ने 25 जून को कर्णप्रयाग कूच करने का ऐलान किया था।

सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया के जरिए अधिक से अधिक समर्थकों से कर्णप्रयाग पहुंचने की अपील भी की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिमाचल प्रदेश सीमा से लगे कुल्हाल बैरियर पर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की थी।

प्रशासन की अपील नहीं मानी

प्रशासनिक अधिकारियों ने निहंगों से बातचीत कर उन्हें बिना शस्त्र और छोटे-छोटे समूहों में चारधाम यात्रा करने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि इससे उनकी धार्मिक यात्रा भी प्रभावित नहीं होगी और अन्य श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

हालांकि, निहंग अपने रुख पर कायम रहे। उनका कहना था कि वे अपने पारंपरिक शस्त्रों के साथ और एकजुट होकर ही चारधाम यात्रा पर जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब तक कर्णप्रयाग में गिरफ्तार उनके साथियों को जमानत नहीं मिल जाती, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

तलवार, फर्से और भाले दिखाकर तोड़ी बैरिकेडिंग

पुलिस के मुताबिक बाद में निहंग नए बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन पर पहुंचे, जहां पूरी तरह बैरिकेडिंग की गई थी। यहां भी पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

आरोप है कि कुछ निहंगों ने अपने साथ लाए गए तलवार, फर्से, कुल्हाड़ी और भाले लहराकर पुलिस कर्मियों को डराने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी और वहां खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस का यह भी आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात जवानों के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।

अज्ञात निहंगों के खिलाफ केस दर्ज

कुल्हाल चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात निहंगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवकों पर हमला करने, उपद्रव करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

(नोट : इस मामले में लगाए गए आरोप पुलिस की प्राथमिकी और प्रशासनिक अधिकारियों के बयानों पर आधारित हैं। आरोपित पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)

Related posts

ट्विशा शर्मा केस की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, CJI सूर्यकांत बोले- ‘हम दुखी हैं कि…’

News Author

एयर इंडिया विमान के इंजन में लगी आग, दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग!

News Author

Chicken Neck Tunnel: सिलिगुड़ी कॉरिडोर में भारत क्यों बना रहा अंडरग्राउंड रेलवे टनल? जानें पूरा प्लान

News Author

Leave a Comment