राजनीती ब्रेकिंग न्यूज़राष्ट्रीय

छात्रों के प्रदर्शन पर CM योगी का बड़ा निर्देश, बोले- आवाज दबाने के बजाय समस्याएं सुनें अधिकारी!

उत्तर प्रदेश में छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि यदि स्कूल या कॉलेज के छात्र अपनी किसी समस्या को लेकर प्रदर्शन करते हैं तो उनकी आवाज दबाने के बजाय उनकी बात सुनी जाए और समस्या का समाधान कराया जाए। पिछले कुछ दिनों में लखनऊ, महोबा, उन्नाव और कन्नौज समेत कई जिलों में छात्रों के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं।

सभी सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे DM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों यानी DM को सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। DM स्कूलों में जाकर मिड-डे मील की गुणवत्ता, बच्चों को मुफ्त ड्रेस और किताबें मिलने की स्थिति तथा स्कूल की मूलभूत सुविधाओं की जांच करेंगे।

स्कूल भवन, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं में यदि कोई कमी मिलती है तो उसे जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने और उनकी जिम्मेदारी तय करने को भी कहा है।

लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है या वह अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों की समस्याओं की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शिक्षकों की कमी और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े मामलों को भी चिह्नित किया जा रहा है।

कन्नौज में छात्रवृत्ति को लेकर हुआ था प्रदर्शन

कन्नौज में कॉलेज के छात्र छात्रवृत्ति रुकने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग के अधिकारी छात्रों से बातचीत करने पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि कुछ छात्रों की छात्रवृत्ति तकनीकी कारणों से रुकी हुई है।

बाद में तिर्वा की SDM वैशाली भी मौके पर पहुंचीं। छात्रों को बताया गया कि जिनकी छात्रवृत्ति रुकी है, वे 1 सितंबर से दोबारा आवेदन कर सकेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के बाद 27 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच राशि दिए जाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

महोबा में सड़क को लेकर बच्चों ने किया प्रदर्शन

महोबा में स्कूली बच्चों ने स्कूल तक खराब सड़क की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था। मामले की जानकारी मिलने पर DM गजल भारद्वाज और SP स्कूल पहुंचे और बच्चों से बातचीत की।

प्रशासन की ओर से बच्चों को भरोसा दिया गया कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद स्कूल तक पक्की सड़क बनवाई जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद समस्या के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

लखनऊ में भी स्कूलों की समस्याओं की जानकारी जुटाई

लखनऊ में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों से संपर्क कर वहां की समस्याओं की जानकारी जुटाई। शिक्षकों की कमी और दूसरी व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों की भी रिपोर्ट मांगी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देने की कोशिश तेज हुई है। सरकार का संदेश स्पष्ट है कि छात्रों के प्रदर्शन को केवल कानून-व्यवस्था के नजरिए से देखने के बजाय उनकी वास्तविक समस्या को समझकर समाधान किया जाए। आने वाले दिनों में सरकारी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के निरीक्षण के बाद व्यवस्थाओं में सुधार की स्थिति पर भी नजर रहेगी।

Related posts

कानपुर लैंबोर्गिनी केस: आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, कोर्ट लेकर पहुंची पुलिस

News Author

E20 पेट्रोल विवाद पर नितिन गडकरी का बड़ा बयान, बोले- ‘इथेनॉल नीति से मुझे कोई निजी फायदा नहीं’!

News Author

भोजशाला विवाद पर बढ़ी सियासत: ओवैसी का विरोध, उमा भारती खुश, अब सुप्रीम कोर्ट पर नजर!

News Author

Leave a Comment