लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं। अब विशेष परिस्थितियों में ही पुलिसकर्मियों को अवकाश मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आगामी पर्वों की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि दीपोत्सव, दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली के दौरान सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही धनतेरस और दीपावली के दौरान प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाई जाए तथा सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। किसी भी व्यक्ति द्वारा अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने या शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान छोटी-छोटी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी भी विवाद को समय रहते रोका जा सके।
पीआरवी-112 को सक्रिय रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पुलिस की पीआरवी-112 सेवाओं को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रतिमा स्थापना और धार्मिक आयोजनों के लिए समयबद्ध अनुमति देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक आयोजन की आड़ में विवाद पैदा करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
सरकार की ओर से जारी इन निर्देशों के बाद प्रदेशभर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक आयोजनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त करने का उद्देश्य त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें।