Moradabad

मुरादाबाद में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और गार्ड गिरफ्तार

मुरादाबाद | 25 दिसंबर 2025

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। भोजपुर थाना क्षेत्र के आंवला घाट में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी ने अपने गार्ड के साथ मिलकर साले-बहनोई पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों जान बचाकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सचिन चौधरी और उनके गार्ड अत्यंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद

जैतपुर निवासी कुलदीप सिंह के अनुसार, उनके बहनोई अमरोहा के कालाखेड़ा निवासी पवन कुमार और पाकबड़ा की सुपरटेक कॉलोनी निवासी कांग्रेस नेता सचिन चौधरी ने दिल्ली निवासी एक कारोबारी से आंवला घाट स्थित 156 बीघा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि जमीन खरीदने के कुछ समय बाद ही सचिन चौधरी पूरी जमीन पर अपना दावा करने लगे।

मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंचा तो जमीन की पैमाइश कराई गई, जिसमें 78 बीघा जमीन पवन कुमार और 78 बीघा जमीन सचिन चौधरी के हिस्से में आई थी।

जोताई के दौरान हुआ विवाद, गाली-गलौज के बाद फायरिंग

बुधवार को कुलदीप सिंह और पवन कुमार अपनी जमीन पर जोताई कराने पहुंचे, तभी इसकी सूचना मिलने पर सचिन चौधरी अपने गार्ड अत्यंत सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने जोताई का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सचिन चौधरी ने अपने गार्ड की रायफल से फायरिंग करवा दी।

जान बचाकर भागे साले-बहनोई, पुलिस ने बरामद की रायफल

फायरिंग के बाद कुलदीप सिंह और पवन कुमार जान बचाकर मौके से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और उनके गार्ड अत्यंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और रायफल भी बरामद कर ली।

जानलेवा हमले की FIR, कोर्ट में पेशी

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

Related posts

शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च: एसपी सिटी रणविजय सिंह ने पैदल गश्त कर बढ़ाया सुरक्षा का भरोसा

News Author

₹17 लाख का झटका! WhatsApp पर ट्रेडिंग का झांसा देकर कारोबारी से साइबर ठगी, मुरादाबाद में FIR दर्ज

News Author

महाशिवरात्रि 2026: कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र 13 फरवरी रात से मुरादाबाद में लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों पर रहेगी सख्ती

News Author

Leave a Comment