मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होटल हॉलिडे रीजेंसी के क्रिस्टल बॉलरूम में शनिवार को Exporters Voice Association (EVA) का औपचारिक शुभारंभ “एक आवाज, एक सोच” के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हस्तशिल्प क्लस्टरों के निर्यातकों और औद्योगिक संगठनों ने एक मंच पर आकर उद्योग हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
MSME मंत्री ने उद्योग को दिया भरोसा
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद ने हस्तशिल्प और निर्यात के क्षेत्र में देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। यहां के निर्यातकों ने लाखों लोगों को रोजगार देने के साथ विदेशी मुद्रा अर्जित कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
कई शहरों के निर्यातकों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में आगरा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फिरोजाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मेरठ, संभल, वाराणसी सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों और बाइंग एजेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई एमओयू (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया।
नई कार्यकारिणी का गठन, उद्योग हित पर जोर
आईईएमएल के चेयरमैन एवं ईपीसीएच के चीफ मेंटर राकेश कुमार ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संरक्षक सुधीर त्यागी ने बोर्ड विस्तार की घोषणा की, जबकि महासचिव विशाल अग्रवाल ने उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए सभी निर्यातकों को साथ लेकर चलने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।