Moradabad

UP Crime: मां का कत्ल कर पी शराब, रात में बनाई चाय; हादसा दिखाने की हैवान बेटे की खौफनाक साजिश

मुरादाबाद:
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने शराब पी, रात में चाय बनाई और फिर इसे हादसा दिखाने की साजिश रच दी।

आरोपी बेटे कपिल ने पहले अपनी बहन और फिर पत्नी को फोन कर बताया कि उसकी मां सीढ़ियों से गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई है। लेकिन सच्चाई ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।

जमीन को लेकर हुआ विवाद, गला घोंटकर की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कपिल शराब पीने का आदी था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां सावित्री देवी पर जमीन बेचने का दबाव बनाने लगा। मां ने जब साफ इनकार कर दिया तो वह नाराज होकर चला गया।

कुछ देर बाद कपिल दोबारा शराब पीकर करीब ढाई बजे घर लौटा और फिर से जमीन बेचने की बात पर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी मां का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

लाश के पास बैठा रहा, फिर रची हादसे की कहानी

हत्या के बाद भी आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। उसने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी, शव को आंगन में सीढ़ियों के पास रखा और फिर बहन रोशनी को कॉल कर बताया कि मां जीने से गिर गई थीं।

उसने यह भी दावा किया कि वह मां को अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जब बहन ने उसकी पत्नी से बात करने की कोशिश की तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में पता चला कि कपिल की पत्नी ललिता उस समय मायके में थी।

गले पर चोट के निशान, खुल गया राज

शनिवार को जब पत्नी, बहन और अन्य रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्होंने सावित्री देवी के गले पर चोट के साफ निशान देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने कपिल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने रात में एक बार चाय भी बनाई और पी, कभी घर में टहलता रहा तो कभी लाश के पास बैठा रहा।

मां पर शक भी करता था आरोपी

पूछताछ में कपिल ने यह भी कबूला कि उसे अपनी मां पर शक था। पिता की मौत के बाद वह मां के किसी से बात करने को लेकर संदेह करता था। उसे लगता था कि मां जमीन किसी और को देना चाहती है, इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था।

जमीन और शराब बना हत्या की वजह

जानकारी के मुताबिक, कपिल के पिता के नाम पहले दो बीघा जमीन थी, जिसे बेचकर सात बीघा जमीन खरीदी गई थी। पिता की मौत के बाद यह जमीन मां सावित्री देवी के नाम हो गई।

एक दिन पहले ही कपिल शराब में 500 रुपये उड़ा चुका था। अगले दिन फिर उसने मां से पैसे मांगे, लेकिन इनकार होने पर विवाद और हत्या की नौबत आ गई।

16 घंटे तक किसी को नहीं लगी भनक

हत्या के बाद करीब 16 घंटे तक गांव वालों को घटना की भनक तक नहीं लगी। शनिवार सुबह जब सच्चाई सामने आई तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related posts

ईद पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा!

News Author

मुरादाबाद,लखनऊ रेल लाइन पर बनेंगे आरओबी-एफओबी, रेल मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव

News Author

चाइनीज मांझा बना बिजली विभाग की बड़ी मुसीबत, हाईटेंशन लाइनों में फंसकर कर रहा ट्रिपिंग

News Author

Leave a Comment