मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए बरगी क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 मई को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और मायूसी का माहौल था। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में हर परिवार के साथ खड़ी है।
सीएम ने कहा कि कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। सरकार राहत, बचाव और हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

भावुक कर देने वाले दृश्य
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान कई भावुक दृश्य सामने आए। हादसे में जान गंवाने वाली नीतू सोनी के घर पहुंचे मुख्यमंत्री को देखकर परिवार की बेटी अपने आंसू नहीं रोक सकी। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने बेटी के सिर पर हाथ रखकर उसे ढांढस बंधाया।
यहीं नहीं, घर में मौजूद छोटे बच्चों को गले लगाकर मुख्यमंत्री ने उनके दुख को साझा किया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।
9 लोगों की मौत, 28 की बची जान
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बरगी क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। राहत और बचाव कार्य में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना के गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मिलकर काम किया। पास में चल रहे जल जीवन मिशन के कर्मचारियों ने भी लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
बहादुर लोगों को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के दौरान आसपास मौजूद कई लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों को बचाने का साहसिक काम किया। ऐसे सभी लोगों को राज्य सरकार की ओर से 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
इसके अलावा मृतकों के परिजनों के लिए राज्य सरकार ने 4-4 लाख रुपये और प्रधानमंत्री की ओर से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएम मोहन यादव ने साफ कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी है।
यह समिति हादसे के कारणों, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन और संबंधित जिम्मेदारियों की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एडवेंचर टूरिज्म के लिए बनेगी नई SOP
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मध्य प्रदेश सरकार नौका पर्यटन, क्रूज पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।