Narendra Modi मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर नमस्ते किया और भारतीय समुदाय के लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया। रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni से हुई। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मेलोनी ने कहा- “वेलकम टू रोम, माय फ्रेंड”
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “Welcome to Rome, my friend.” इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी X पर पोस्ट करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया और कई अहम वैश्विक व द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
दोनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी, रक्षा सहयोग और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इसके अलावा दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक Colosseum का भी दौरा किया।
भारत-इटली रिश्तों को मिलेगा नया आयाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत और इटली अपने संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने पर विचार कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच सालाना उच्चस्तरीय बैठकों की शुरुआत पर भी चर्चा हो सकती है।
पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के बीच राजनीतिक और आर्थिक रिश्तों में तेजी आई है। रक्षा, हरित ऊर्जा, विज्ञान, मशीनरी, ऑटोमोबाइल और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
14 अरब यूरो से ज्यादा पहुंचा व्यापार
भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 14 अरब यूरो से अधिक पहुंच चुका है। दोनों देश फार्मा, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा उत्पादन और ग्रीन एनर्जी सेक्टर में निवेश बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। पीएम मोदी इस दौरे के दौरान इटली के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
इस बैठक में भारत में निवेश, नई औद्योगिक साझेदारी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।
वैश्विक मुद्दों पर भी होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच मिडिल ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, एनर्जी सिक्योरिटी और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे अहम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी आखिरी बार जून 2024 में इटली गए थे, जब उन्होंने G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इटली उनका मौजूदा विदेश दौरे का अंतिम पड़ाव है।