नई दिल्ली। अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने, पुराने पासपोर्ट का नवीनीकरण कराने या तत्काल सेवा का लाभ लेने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। नई शुल्क दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। ऐसे में जो लोग पुरानी दरों पर पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, उनके पास आवेदन करने के लिए सीमित समय बचा है।
पासपोर्ट नियम 1980 में संशोधन
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियम 1980 में संशोधन करते हुए सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों की फीस में वृद्धि की है। मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नई फीस 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो जाएगी। सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि यदि वे पुरानी दरों पर पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो उन्हें 30 जून 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
वयस्कों के लिए नई पासपोर्ट फीस
18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पेज वाले नए या री-इश्यू पासपोर्ट की सामान्य फीस 2,500 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 3,500 रुपये और तत्काल सेवा शुल्क 6,000 रुपये तय किया गया है।
यदि पासपोर्ट खो जाता है, क्षतिग्रस्त हो जाता है या फट जाता है, तो 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में 5,000 रुपये तथा तत्काल सेवा में 7,500 रुपये देने होंगे। वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए यह शुल्क क्रमशः 6,000 और 8,500 रुपये होगा।
बच्चों के पासपोर्ट पर भी बढ़ा शुल्क
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पेज वाले नए या री-इश्यू पासपोर्ट की सामान्य फीस 1,750 रुपये और तत्काल सेवा शुल्क 4,250 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि बच्चे का पासपोर्ट खो जाता है या क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो सामान्य श्रेणी में 4,250 रुपये और तत्काल श्रेणी में 6,750 रुपये शुल्क देना होगा।
अन्य सेवाओं के लिए नए शुल्क
पासपोर्ट से जुड़ी अन्य सेवाओं की फीस में भी बदलाव किया गया है। पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट यानी पीसीसी के लिए अब 750 रुपये शुल्क देना होगा। सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी की फीस 1,000 रुपये तय की गई है। विदेशों में जारी किए जाने वाले इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए 15 अमेरिकी डॉलर शुल्क निर्धारित किया गया है।
पहले कितनी थी फीस?
अब तक 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य आवेदन शुल्क 1,500 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दी गई है।
पासपोर्ट खोने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भी शुल्क में बड़ा इजाफा किया गया है। 36 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये और 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दी गई है।
विदेश मंत्रालय ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि पासपोर्ट मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए जारी किया जाने वाला दस्तावेज है और केवल पासपोर्ट होने से किसी व्यक्ति की नागरिकता स्वतः प्रमाणित नहीं होती।