नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन पर एक अनोखा राजनीतिक संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। खुद को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का संस्थापक बताने वाले अभिजीत दीपके ने केंद्रीय मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इस्तीफा देने की अपील की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है।
देर रात पोस्ट किया गया वीडियो
अभिजीत दीपके ने गुरुवार देर रात करीब 12 बजकर 25 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में वह एक व्हाइट बोर्ड पर लिखते नजर आते हैं— “हैप्पी बर्थडे धर्मेंद्र प्रधान, प्लीज इस्तीफा दो”।
वीडियो में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को टैग भी किया है। इसके बाद दीपके कैमरे के सामने मंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए इस्तीफा देने की मांग करते दिखाई देते हैं।
‘गिफ्ट में भेज देंगे इस्तीफा पत्र’
वीडियो में अभिजीत दीपके कहते सुनाई देते हैं कि, “धर्मेंद्र प्रधान जी, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कृपया इस्तीफा दे दीजिए। आपको जन्मदिन के गिफ्ट के रूप में हम इस्तीफा पत्र भी भेज सकते हैं, आपको उस पर केवल अंगूठा लगाना होगा।”
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। कुछ लोग इसे व्यंग्यात्मक विरोध का तरीका बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं।
पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी और उसके समर्थक पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामलों के विरोध में धरना दे रहे हैं।
पार्टी की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएं और इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार पहले भी कर चुकी है पलटवार
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक इंटरव्यू के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं।
हालांकि कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि उनका आंदोलन केवल छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।
फिलहाल, जन्मदिन पर भेजे गए इस अनोखे संदेश और वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज हो सकती हैं।