नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मथुरा, आगरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भी संभावना है।
लखनऊ, कानपुर और वाराणसी भी अलर्ट पर
पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
2 और 3 अगस्त को और तेज होगा मानसून
पूर्वानुमान के अनुसार 30 और 31 जुलाई को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। 1 अगस्त से बारिश का दायरा फिर बढ़ेगा और 2 व 3 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 3 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान सहारनपुर और बिजनौर में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। धामपुर, निघासन (लखीमपुर खीरी), कन्नौज, श्रावस्ती, मुजफ्फरनगर, मैनपुरी, बरेली और हरदोई सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।