मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार 19 नवंबर 2025 को जनपद के विभिन्न थानों की महिला सुरक्षा दल ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं से जुड़े अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से सुरक्षा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध कानून सहित महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने वाले प्रमुख अपराधों पर विस्तृत चर्चा की गई। महिलाओं को बताया गया कि ऐसी किसी भी घटना की शिकायत कैसे, कहां और किन हेल्पलाइन नंबरों पर की जा सकती है।


महिला सुरक्षा दल ने मौके पर मौजूद महिलाओं और छात्राओं को प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया—
1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा) तथा जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों की हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।


मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थानों द्वारा पुलिस पाठशाला और पुलिस चौपाल का आयोजन कर छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक अपराधों की पहचान के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि कोई भी महिला या बच्ची असुरक्षित महसूस न करे और जागरूक होकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सके।