नई दिल्ली/लखनऊ।
दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब उड़ान के दौरान विमान के वॉशरूम में ‘प्लेन में बम है’ लिखा एक नोट मिला। इस नोट को देखकर क्रू मेंबर सहम गया और तुरंत पायलट को सूचना दी गई। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 में हुई, जो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बागडोगरा के लिए रवाना हुई थी।
वॉशरूम में मिला संदिग्ध नोट
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर जब वॉशरूम गया तो वहां टिशू पेपर पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें साफ तौर पर लिखा था— “Plane mein bomb hai”। नोट देखते ही क्रू मेंबर घबरा गया और बिना देरी किए पायलट को इसकी जानकारी दी।
पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। सुबह करीब 9:17 बजे विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया।
222 यात्रियों में मचा डर
इस फ्लाइट में कुल 222 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। इसके अलावा विमान में 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर मौजूद थे। जैसे ही यात्रियों को बम की सूचना की भनक लगी, प्लेन के अंदर हड़कंप मच गया और लोग खौफजदा हो गए।
लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेशन बे में पार्क किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।
सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच
घटना की सूचना मिलते ही CISF, BDDS (बम निरोधक दस्ता), पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विमान की पूरी तरह से तलाशी ली गई और यात्रियों की स्कैनिंग की गई।
कई घंटे चली जांच के बाद राहत की खबर सामने आई—विमान में कोई बम नहीं मिला। बम की सूचना को अफवाह बताया गया है।
बार-बार मिल रही फर्जी धमकियां
गौरतलब है कि हाल के दिनों में फ्लाइट्स को लेकर फर्जी बम धमकियों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनकी वजह से यात्रियों को परेशानी और एयरलाइंस को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन अब इस मामले में नोट लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रहा है।