Moradabad

मुरादाबाद में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला, प्रेमी युगल की डबल मर्डर से इलाके में तनाव

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी सब्ज़ीपुर में प्रेम प्रसंग के चलते युवक और युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। डबल मर्डर की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

मृतकों की पहचान अरमान चौधरी और काजल सैनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। जानकारी के अनुसार, अरमान अपनी प्रेमिका काजल से मिलने उसके घर गया था, जहां युवती के परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया। इसी के बाद मामला हिंसक हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, परिजनों ने दोनों को घर से बाहर ले जाकर नदी किनारे मौत के घाट उतार दिया। बाद में प्रेमी युगल के शव नदी के पास पड़े मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे ऑनर किलिंग का मामला मानते हुए युवती के दो भाइयों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। यह घटना एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर होने वाली हिंसा और ऑनर किलिंग जैसे गंभीर अपराधों पर सवाल खड़े करती है।

Related posts

इंसानियत सेवा समिति ने राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन, बिहार के मुख्यमंत्री से माफी और इस्तीफे की मांग

News Author

बेटे का सोने का कड़ा गायब होने पर विवाद, BJP विधायक कुंवर सुशांत सिंह पर नौकरों से मारपीट के गंभीर आरोप!

News Author

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद द्वारा जनसुनवाई में मौजूद फरियादी

News Author

Leave a Comment