लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से लगातार हो रही मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अफसरों से सख्त सवाल किया कि जब प्रदेश में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है, तो फिर यह बाजार में कैसे बिक रहा है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से बिक्री पर रोक सुनिश्चित कराने और जिलेवार छापेमारी के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा है कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को “हत्या” माना जाएगा। पुलिस प्रमुखों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में अभियान चलाकर अवैध मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
दरअसल, हाल ही में लखनऊ में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बाइक से जा रहे एक एमआर के गले में चाइनीज मांझा फंस गया। गर्दन कटने से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा और करीब 10 मिनट तक तड़पता रहा। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पिछले 6 महीनों में प्रदेश में चाइनीज मांझे से जुड़े करीब 7 गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। कई मामलों में मौत हुई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस प्रशासन को अब इस पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।