क्राइमराष्ट्रीय

‘तुम्हारी बहन अब जिंदा नहीं जाएगी’, धमकी के 48 घंटे बाद नवविवाहिता की मौत; दहेज हत्या का आरोप!

बिहार के भोजपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज एक साल बाद 23 वर्षीय संजू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि दहेज में सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर संजू को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना से 48 घंटे पहले उसकी सास ने फोन पर धमकी दी थी कि “तुम्हारी बहन अब इस घर से जिंदा नहीं जाएगी।”

फोन पर सुनी बहन की आखिरी चीख

मृतका के भाई शिवम पाल ने बताया कि घटना से दो दिन पहले उसकी सास सुमित्रा देवी ने फोन कर खुलेआम धमकी दी थी। भाई का दावा है कि बातचीत के दौरान उसने अपनी बहन की चीख भी सुनी थी। इसके बाद अचानक फोन कट गया और फिर संजू से संपर्क नहीं हो सका।

परिवार का आरोप है कि इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी हत्या कर दी गई।

सोने की चेन को लेकर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक संजू की शादी मई 2025 में बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी में नकदी और कई उपहार दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष की सोने की चेन की मांग पूरी नहीं हो सकी थी। मायके वालों का आरोप है कि इसी बात को लेकर संजू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसका पति सूरत से लौटने के बाद उसके साथ मारपीट भी करता था।

शव जलाकर फरार हुआ परिवार

घटना के बाद ससुराल पक्ष ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही मायके वालों को। ग्रामीणों के अनुसार जल्दबाजी में शव को श्मशान ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। जब मृतका का भाई श्मशान पहुंचा तो वहां केवल अधजली राख और कुछ अवशेष ही मिले। इसके बाद जब वह बहन के ससुराल पहुंचा तो घर पर ताला लगा मिला और पूरा परिवार फरार था। इस घटना ने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया है।

पुलिस ने सास को किया गिरफ्तार

Bihar Police ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। जगदीशपुर थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।एफआईआर में पति विनोद पाल, सास सुमित्रा देवी, ससुर भिखी पाल, देवर प्रमोद कुमार और ननद किरण कुमारी को नामजद किया गया है।

पुलिस ने आरोपी सास सुमित्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पूछताछ में आरोपी सास ने दावा किया है कि सोने की चेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद संजू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

Related posts

डीपफेक पर सख्त नियम लागू! अब AI से बने फोटो-वीडियो पर लेबल जरूरी।

News Author

दिल्ली-NCR में बदला मौसम: आंधी, बारिश और ओलों से गर्मी पर ब्रेक!

News Author

जयपुर से दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट किराया आसमान पर, यात्रियों की जेब पर भारी असर!

News Author

Leave a Comment