उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़राष्ट्रीय

गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, इलाके में RAF तैनात!

गाजियाबाद में चर्चित सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी मारा गया

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, असद पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

सूर्या की मां ने कहा- न्याय मिला

असद के एनकाउंटर के बाद मृतक सूर्या की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को धोखे से बुलाकर 5 से 6 लोगों ने मौत के घाट उतार दिया था।

मां ने कहा कि उन्हें असद के खिलाफ हुई कार्रवाई से संतोष मिला है, लेकिन बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह टूट चुका है और अब उन्हें केवल न्याय की उम्मीद है।

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

एनकाउंटर के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सूर्या के घर के बाहर RAF की तैनाती की गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा पहुंचे परिवार से मिलने

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करती है और न्याय सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

असद के घर पर बुलडोजर क्यों नहीं चलेगा?

असद के एनकाउंटर के बाद उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। इस पर मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि असद का परिवार किराए के मकान में रहता है, इसलिए कानूनन उस मकान पर बुलडोजर कार्रवाई संभव नहीं है। सरकार केवल कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कदम उठाती है।

क्या है पूरा मामला?

28 मई को खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी असद फरार था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार सुबह हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। अब पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related posts

उमर खालिद और शरजील इमाम को मिलेगी जमानत या रहेंगे जेल में? दिल्ली दंगा मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आज

News Author

“हाईवे पर मौत से खेल! मुरादाबाद में कार की छत पर स्टंट, VIDEO VIRAL”

News Author

खान सर की कोचिंग पर हमला: CCTV फुटेज में कैद हुई पत्थरबाजी और गार्ड से मारपीट!

News Author

Leave a Comment