महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संकल्प के साथ जनपद में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद मुरादाबाद के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में महिला सुरक्षा दल ने आज दिनांक 07 नवंबर 2025 को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य था— महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति सजग बनाना।


कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध, और महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध अपराधों की जानकारी दी।

महिलाओं को यह बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में वे तत्काल सहायता और शिकायत दर्ज कराने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें —
- वीमेन पावर लाइन – 1090
- पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
- सीएम हेल्पलाइन – 1076
- चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
- वन स्टॉप सेंटर – 181
- साइबर हेल्पलाइन – 1930
- स्वास्थ्य सेवा – 102
- एम्बुलेंस सेवा – 108
साथ ही, जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थाने की हेल्प डेस्क और राष्ट्रीय तथा राज्य महिला आयोग की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को यह संदेश दिया कि वे किसी भी स्थिति में चुप न रहें, बल्कि अपने अधिकारों को पहचानें और साहसपूर्वक आवाज उठाएं।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में “पुलिस की पाठशाला” और “पुलिस चौपाल” आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
इन चौपालों के माध्यम से पुलिस अधिकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दे रहे हैं। महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक और तकनीकी माध्यमों से सशक्त बनने की प्रेरणा दी जा रही है।
पुलिस विभाग का यह प्रयास न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह समाज में महिला सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने वाला अभियान भी है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने यह संदेश दिया
“महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। जब महिलाएं सुरक्षित होंगी, तभी समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।”