Ukraine और Russia के बीच जारी युद्ध अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। रूसी अधिकारियों के मुताबिक रातभर में 500 से ज्यादा ड्रोन रूस के अलग-अलग इलाकों में भेजे गए, जिससे मॉस्को समेत कई शहरों में अफरा-तफरी मच गई।
मॉस्को के पास 3 लोगों की मौत
रूसी अधिकारियों के अनुसार मॉस्को के आसपास हुए हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। Sergei Sobyanin ने बताया कि खिमकी इलाके में एक ड्रोन निजी घर पर गिरा, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं मितिशची इलाके में निर्माणाधीन इमारत पर ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की जान चली गई।
रूस ने 556 ड्रोन मार गिराने का दावा किया
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने रातभर में 556 यूक्रेनी ड्रोन को रोक लिया। वहीं मॉस्को प्रशासन का कहना है कि राजधानी की तरफ बढ़ रहे 120 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए गए। हमलों के बाद कई इलाकों में आग लगने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।
यूक्रेन ने लिया कीव हमलों का बदला?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला हाल ही में कीव पर हुए रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में किया गया है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक कुछ दिन पहले रूस ने राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया था, जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
कई इलाकों में दहशत का माहौल
रिपोर्ट्स के अनुसार ड्रोन का मलबा गिरने से कई घरों में आग लग गई। पश्चिमी रूस के इस्ट्रा इलाके में रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और चार लोग घायल हुए। लगातार हो रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों की वजह से रूस-यूक्रेन युद्ध और ज्यादा खतरनाक होता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस हमले को लेकर चिंता बढ़ गई है।