India vs Pakistan World Record: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक बार फिर से कमाल का खेल दिखाया है। एशिया कप 2025 के सुपर 4 के मुकाबले में पाकिस्तानी टीम कहीं भी टिकती हुई नजर नहीं आई और करीब करीब एकतरफा मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पटकनी दे दी। इस जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। हो सकता है कि पाकिस्तान को एक बार हराने के बाद इस कीर्तिमान पर भारतीय टीम का नाम दर्ज हो जाए। ये रिकॉर्ड है तो काफी अजीबो गरीब, लेकिन आपको जानना जरूर चाहिए।
साल 2022 से लगातार पाकिस्तान को हरा रही है टीम इंडिया
टीम इंडिया पिछले कई साल से पाकिस्तान को हराती आ रही है। मजे की बात ये है कि पाकिस्तानी टीम कभी भी टक्कर तक देती हुई नजर नहीं आ रही है। ये सिलसिला साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप से शुरू हुआ था, जो अभी तक जारी है। खास बात ये है कि भारतीय टीम ने साल 2022 से लेकर अब तक जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ है, हर बार टीम इंडिया ने बाद में बल्लेबाजी की है और विकेट से मैच अपने नाम किया है। यानी रनों का पीछा बड़ी आसानी से किया गया है।
भारत ने रन चेज करते हुए पाकिस्तान को लगातार आठवीं बार दी मात
रविवार को जब तक भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप के सुपर 4 के मैच में नहीं हराया था, तब तक इस रिकॉर्ड पर मलेशिया का नाम दर्ज था। दरअसल रिकॉर्ड ये है कि किसी टीम ने अपनी विरोधी टीम को चेज करते हुए सबसे ज्यादा बार मात दी हो। मलेशिया ने ये काम थाईलैंड के खिलाफ आठ बार किया है। यानी मलेशिया ने रनों का पीछा करते हुए थाईलैंड को आठ दफा हराया है। अब उसकी बराबरी भारतीय टीम ने कर ली है। साल 2022 से लेकर अब तक आठ बार भारत ने पाकिस्तान को रनों का पीछा करते हुए ही हराया है।
जल्द ही टीम इंडिया के नाम हो सकता है ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
अगर एक और दफा भारत बनाम पाकिस्तान मैच हो गया और उसमें भी टीम इंडिया ने रनों का पीछा करते हुए यानी बाद में बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को हराने में कामयाबी हासिल कर लेती है तो ये विश्व कीर्तिमान होगा। हो सकता है कि इसी एशिया कप में अगर भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल हो गया और भारत ने फिर से बाद में बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को पीटा तो फिर ये कीर्तिमान जल्द ही बन जाएगा। लेकिन ऐसा लगता नहीं कि पाकिस्तानी टीम एशिया कप में इस साल फाइनल तक का सफर तय कर पाएगी। टीम बहुत खराब खेल रही है और उसके खिताबी जंग में जाने की संभावना नगण्य है। देखना होगा कि भारतीय टीम कब तक इस कीर्तिमान को अपने नाम कर पाती है।