मुरादाबाद। सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का बड़ा पर्दाफाश किया है। लोकेशेड पुल के पास पीएनबी बैंक के एटीएम चोरी की सनसनीखेज वारदात में शामिल 5 शातिर अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में से दो बदमाशों—अब्दुल मतीन और तंजीम—को पैर में गोली लगने से चोटें आईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ एटीएम चोरी का भंडाफोड़?
24/25 नवंबर की रात सिविल लाइन्स क्षेत्र स्थित पीएनबी आईसीडी शाखा का एटीएम उखाड़कर ले जाया गया था। एटीएम मशीन बाद में अमरोहा के जंगल में टूटी हालत में मिली, जिसमें से नकदी निकाल ली गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम गठित की।
8/9 दिसंबर की रात विशेष टीम को सूचना मिली कि वही गिरोह ब्रेज़ा कार से कांठ रोड क्षेत्र में सक्रिय है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने भटावली के पास चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा कार चट्टा पुल की ओर भागी, जहां रेत में फंसकर रुक गई। कार से उतरे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की:
- ₹3,08,300 नकद
- फर्जी नंबर प्लेट लगी ब्रेजा कार
- एटीएम काटने के उपकरण
- 5 मोबाइल, 3 सिम, नेट डिवाइस
- 4 एटीएम कार्ड, 4 फर्जी आधार कार्ड
- 5 तमंचे और कारतूस
- काला स्प्रे पेंट, दो बुर्के, दस्ताने, वूलन कैप
कैसे काम करता था एटीएम चोरों का गिरोह?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसका सरगना नियामत उर्फ घोड़ा, निवासी मेवात (हरियाणा) है।
गिरोह का तरीका इस प्रकार था:
- स्थानीय लड़कों से रैकी कराई जाती थी
- सीसीटीवी कैमरों पर काला स्प्रे पेंट कर दिया जाता था
- ब्रेजा कार से झटका मारकर एटीएम मशीन उखाड़ ली जाती थी
- गैस कटर की मदद से मशीन काटकर नकदी निकालते थे
- चोरी की राशि आपस में बांटी जाती थी
अन्य आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस की कई टीमें गिरोह के सरगना और अन्य शामिल सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया जाएगा।
- मुरादाबाद एटीएम चोरी
- सिविल लाइन्स थाना पुलिस
- एटीएम उखाड़कर चोरी
- एटीएम चोर गिरोह गिरफ्तार
- PNB ATM चोरी मुरादाबाद
- ब्रेजा कार एटीएम चोरी
- पुलिस मुठभेड़ मुरादाबाद