Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के सैदनगली में बना 110 फीट ऊंचा भव्य ‘अटल टावर’ अब सिर्फ समय बताने वाला घंटाघर नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा का हाई-टेक केंद्र बनने जा रहा है। मुरादाबाद मंडल का यह सबसे ऊंचा और यूपी का दूसरा सबसे ऊंचा घंटाघर आधुनिक तकनीक, मजबूत निर्माण और स्मार्ट सुरक्षा व्यवस्था का अनोखा उदाहरण है।
करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अटल टावर को जमीन से लगभग 45 फीट गहरी नींव पर खड़ा किया गया है, ताकि यह वर्षों तक मजबूती से खड़ा रह सके। चार मंजिला इस टावर को प्रशासन, सुरक्षा और जनसेवा के बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
हाई-टेक कंट्रोल रूम से होगी शहर की निगरानी
अटल टावर की सबसे बड़ी खासियत इसका एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC) है। टावर के प्रथम तल पर बने सर्विलांस रूम से नगर में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। इससे अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
लिफ्ट, पुलिस चौकी और मिनी सचिवालय की सुविधा
चार मंजिला अटल टावर में सीढ़ियों के साथ-साथ आधुनिक लिफ्ट की सुविधा दी गई है।
- ग्राउंड फ्लोर: मुख्य सड़क से जुड़ी पुलिस चौकी
- प्रथम तल: हाई-टेक सर्विलांस और कंट्रोल रूम
- द्वितीय तल: नगर पंचायत का मिनी सचिवालय और मीटिंग हॉल
यह टावर अब सैदनगली का प्रशासनिक और सुरक्षा केंद्र बनकर उभर रहा है।
देश की महान विभूतियों के नाम पर द्वार
अटल टावर के द्वारों का नामकरण देश की महान हस्तियों के नाम पर किया गया है। एक द्वार RSS के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के नाम पर है, जहां उनकी प्रतिमा भी स्थापित की गई है, जबकि दूसरा द्वार भगवत शरण शर्मा के नाम पर समर्पित है।
CM योगी कर सकते हैं उद्घाटन
भाजपा जिला महामंत्री अभिनव कौशिक के अनुसार, फरवरी माह में अटल टावर के लोकार्पण की तैयारी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इसका उद्घाटन कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 2018 में सीएम योगी ने सैदनगली को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की थी।
वीडियो बनाओ, 5000 जीतो
अटल टावर के प्रचार-प्रसार के लिए नगर पंचायत ने वीडियो प्रतियोगिता भी शुरू की है। प्रतिभागी #AtalTower, #Saidnagali और #ClockTower हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर सकते हैं। सर्वश्रेष्ठ वीडियो को ₹5000 नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
स्मार्ट नगर पंचायत की ओर सैदनगली
अटल टावर के साथ-साथ सैदनगली में अमृत सरोवर, अंबेडकर पार्क, शहीद स्मारक, महाराणा प्रताप प्रतिमा और भव्य शिया गेट जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। यह सभी योजनाएं मिलकर सैदनगली को उत्तर प्रदेश की एक आदर्श स्मार्ट नगर पंचायत के रूप में स्थापित करेंगी।