मुरादाबाद। जनता से सीधा संवाद और समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में जिलेभर के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना परिसरों पर जनसुनवाई आयोजित की गई। इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
थानेदारों ने एक-एक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और तत्काल निस्तारण योग्य मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिन प्रकरणों में गहराई से जांच की आवश्यकता थी, उनके लिए निर्धारित समयसीमा तय की गई ताकि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के साथ भरोसे का रिश्ता मजबूत करने का माध्यम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर थाने में आने वाला व्यक्ति पुलिस पर विश्वास रखकर आता है, इसलिए उसकी समस्या को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनना और समाधान करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने ज़मीन विवाद, पारिवारिक झगड़े, साइबर ठगी, संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी जैसे कई मामलों की शिकायतें दर्ज कराईं। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से संबंधित साक्ष्य और दस्तावेज लेकर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग की यह साप्ताहिक जनसुनवाई व्यवस्था कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में बेहद कारगर साबित हो रही है। इससे एक ओर जनता को न्याय की उम्मीद मिलती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस कर्मियों को भी जनभावनाओं को समझने और बेहतर कार्यप्रणाली विकसित करने का अवसर मिलता है।थाना स्तर पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान संबंधित क्षेत्र के उपनिरीक्षक, बीट प्रभारी और महिला हेल्प डेस्क की अधिकारी भी मौजूद रहीं। महिला शिकायतों को लेकर विशेष संवेदनशीलता बरती गई। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर बल दिया गया।