मुरादाबाद की मझोला पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

मामला थाना मझोला क्षेत्र के मोहल्ला प्रीतम नगर का है, जहां 5 नवंबर 2025 की रात वादी गगन के परिवार पर कुछ हमलावरों ने हमला कर दिया था। इस दौरान हमलावरों ने गगन के छोटे भाई, 21 वर्षीय नेकपाल को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन्स सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई गगन की तहरीर पर थाना मझोला में मुकदमा पंजीकृत किया गया।मुकदमा संख्या 1066/2025 धारा 3(5), 103(1), 109(1), 115(2), 131, 190, 191(2), 191(3), 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ, जिसमें अमन पुत्र राजू, राजा पुत्र गेंदनलाल, गेंदनलाल पुत्र रामप्रसाद, राजू पुत्र गेंदालाल यादव समेत चार से पांच अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन्स के मार्गदर्शन में मझोला पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को तीन अभियुक्तों अमन, राजू और गेंदालाल को गिरफ्तार किया था।इसके बाद पुलिस लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजा पुत्र गेंदालाल उर्फ गेन्दनलाल की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार, 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाइक पर सवार होकर हर्बल पार्क चौराहे की ओर जा रहा है। पुलिस ने मौके पर चेकिंग अभियान शुरू किया और संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश की।पुलिस के रोकने पर आरोपी राजा ने पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।मौके से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक काली रंग की एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की गई। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है वह हत्या और आर्म्स एक्ट के दो गंभीर मामलों में वांछित था।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में लोकेन्द्र कुमार, अमित कुमार, शिवम वशिष्ठ, हेड कांस्टेबल रईस अहमद, मोहित शर्मा, कांस्टेबल रोहित राठी, आशीष नायडू, सौरव नैन और प्रभात सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मझोला पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ जिले में चल रहे अभियान का हिस्सा है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, और जल्द ही पूरे गैंग को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।