मुरादाबाद। शहर के डिप्टी गंज चौराहा स्थित कौसल्या कन्या इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशन में जनपद स्तरीय भारतीय भाषा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं, संस्कृति और विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एकता के संदेश को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोठीवाल डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर के.के. मिश्रा एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक सतनाम शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाषाएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन्हें संरक्षित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
भारतीय भाषा उत्सव के अंतर्गत पोस्टर, निबंध, भाषण, कुकिंग एवं नृत्य जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें माध्यमिक शिक्षा परिषद और सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने देश के विभिन्न प्रदेशों की भाषाओं, खान-पान, पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी को प्रभावित किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना जीवंत रूप में देखने को मिली।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।