नई दिल्ली: अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के साथ ऐसी डील कर रही है, जिससे भारतीय किसानों के हितों से समझौता हो सकता है।
प्रियंका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अमेरिका की ओर से कहा गया है कि अब अमेरिकी किसानों के उत्पाद भारतीय बाजार में बिकेंगे, जिससे अमेरिका के ग्रामीण इलाकों में पैसा पहुंचेगा। प्रियंका ने कहा कि अगर यह सच है तो देश के करोड़ों किसानों को यह जानने का अधिकार है कि इस ट्रेड डील की शर्तें आखिर हैं क्या।
प्रियंका गांधी ने सरकार से मांगी स्थिति स्पष्ट
प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि क्या मोदी सरकार भारतीय कृषि क्षेत्र को पूरी तरह अमेरिका के लिए खोलने जा रही है? क्या भारतीय किसानों को अमेरिकी कंपनियों और किसानों के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में झोंका जाएगा?
उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले पर तत्काल स्थिति साफ करनी चाहिए, ताकि देश के किसानों में कोई भ्रम और चिंता न रहे।
राहुल गांधी का वीडियो भी किया शेयर
प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे पर राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप भी शेयर किया। वीडियो में राहुल गांधी आरोप लगाते नजर आ रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील जैसे बड़े फैसले दूसरों पर छोड़ दिए। राहुल ने कहा कि देश के नेता को फैसलों से भागना नहीं चाहिए, बल्कि दिशा दिखानी चाहिए।